कानपुर की सड़क पर महिला से मारपीट: देवर समेत दो हिरासत में, वायरल वीडियो से उठे महिला सुरक्षा पर सवाल

TIMES7NEWS कानपुर। गुजैनी थाना क्षेत्र के बर्रा-8 इलाके में बीच सड़क एक महिला के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि पति के साथ बाइक से गोविंद नगर थाने जा रही महिला को उसके देवर ने अपने साथियों के साथ रास्ते में रोक लिया और उसके साथ मारपीट की।

वायरल वीडियो में महिला के साथ चप्पलों, लात-घूंसों से मारपीट होती दिखाई दे रही है। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से घरेलू विवाद चल रहा था और दंपती इसी सिलसिले में थाने जा रहे थे।

घटना के सामने आने के बाद शहर में महिला सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है। बीच सड़क पर इस तरह की वारदात ने अपराधियों में कानून के भय और पुलिस की प्रभावशीलता को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

कानपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, 30 जून को गुजैनी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि दो पक्षों के बीच चल रहे आपसी विवाद के कारण मारपीट हुई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों से प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि प्रकरण पारिवारिक विवाद से जुड़ा है और सभी पहलुओं की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Previous Post Next Post