नौबस्ता थाने के बाथरूम में युवक ने पिया टॉयलेट क्लीनर, मचा हड़कंप; लापरवाही पर दरोगा और हेड कांस्टेबल निलंबित

TIMES7NEWS कानपुर। नौबस्ता थाने में मंगलवार देर रात उस समय अफरा तफरी मच गई, जब महिला उत्पीड़न की शिकायत के मामले में पूछताछ के लिए बुलाए गए युवक ने थाने के बाथरूम में रखा टॉयलेट क्लीनर पी लिया। नशे की हालत में दोस्त के साथ थाने पहुंचे युवक की इस हरकत से पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में उसे कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल युवक को आईसीयू में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हुए हैं। डीसीपी दक्षिण ने लापरवाही बरतने के आरोप में रात्रि अधिकारी दरोगा विकास गौड़ और हेड कांस्टेबल अरविंद को निलंबित कर दिया है। पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

महिला को अलग-अलग नंबरों से करता था परेशान

नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह के अनुसार, नौबस्ता निवासी महिला के ससुर ने सरसौल के महोली गांव निवासी आशीष द्विवेदी के खिलाफ शिकायत दी थी। आरोप है कि महिला का पूर्व परिचित आशीष अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर उसे परेशान करता था। विरोध करने पर महिला और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

शिकायत के बाद दिवसाधिकारी शिवम तोमर ने आशीष को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था, लेकिन वह दिन में थाने नहीं पहुंचा।

आधी रात नशे में दोस्त संग पहुंचा थाने

मंगलवार रात करीब 11 बजे आशीष अपने दोस्त सहज सिंह गौतम के साथ नशे की हालत में थाने पहुंचा। वहां वह पुलिसकर्मियों से उलझने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर वापस जाने के लिए कहा, लेकिन वह पूछताछ कराने पर अड़ा रहा। इसके बाद दोनों को थाने में बैठा लिया गया।

दोनों के नशे में होने के चलते मेडिकल कराने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान आशीष ने लघुशंका जाने की बात कही। पुलिसकर्मी उसे बाथरूम तक ले गए।

बाथरूम में उठाया टॉयलेट क्लीनर और पी लिया

बताया गया कि बाथरूम पहुंचते ही आशीष ने वहां पहले से रखी टॉयलेट क्लीनर की बोतल उठा ली और उसे पी लिया। बाथरूम के बाहर मौजूद पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने तत्काल बोतल छीन ली और अधिकारियों को सूचना दी।

इसके बाद पुलिसकर्मी उसे आनन-फानन में कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत को देखते हुए उसे एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल युवक आईसीयू में भर्ती है।

घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस महकमे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर जांच शुरू कर दी है।

Previous Post Next Post