गोविंद नगर में सजी हरियाली तीज की महफिल, महापौर प्रमिला पांडेय की कजरी ने बांधा समां

TIMES7NEWS कानपुर। श्री चित्रगुप्त पूजन समिति के बैनर तले महिला मंडल की ओर से श्री चित्रगुप्त धर्मशाला के एसी हॉल में “एक शाम सखियों के नाम” कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती प्रमिला पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

महिलाओं के आग्रह पर महापौर प्रमिला पांडेय ने अपने खास अंदाज में “सावन का महीना, पवन करे शोर” कजरी गीत प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति पर महिलाएं झूम उठीं और संगीत की धुन पर जमकर नृत्य किया। संगीत गुरु डॉ. रेणु निगम ने भक्ति भजनों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में भक्ति और संगीत का रंग भर दिया।

श्री चित्रगुप्त पूजन समिति की महिला अध्यक्ष श्रीमती माधुरी निगम ने अतिथियों एवं आगंतुक महिलाओं का पटका पहनाकर स्वागत किया। आयोजिका नेहा निगम ने विभिन्न मनोरंजक गेम्स और प्रतियोगिताएं आयोजित कराईं तथा विजेताओं को उपहार देकर सम्मानित किया।

हरियाली तीज की ग्रीन थीम पर सजी करीब 90 महिलाओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल में पूर्व पार्षद श्रीमती स्नेहलता श्रीवास्तव और डॉ. रेणु निगम शामिल रहीं। निर्णायकों ने गोविंद नगर निवासी संजना श्रीवास्तव को तीज क्वीन चुना। महिला अध्यक्ष माधुरी निगम और आयोजिका नेहा निगम ने उन्हें क्राउन पहनाकर पुरस्कार प्रदान किया। अन्य प्रतिभागियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में स्वादिष्ट पकौड़ी, बतासे, विभिन्न प्रकार की चाट, समोसा और कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था की गई, जिसका महिलाओं ने जमकर आनंद लिया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में युवा कायस्थ महासभा एवं श्री चित्रगुप्त पूजन समिति के पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का निर्देशन कायस्थ समाज के वरिष्ठ नेता एवं प्रसिद्ध होम्योपैथ चिकित्सक डॉ. यूसी श्रीवास्तव ने किया।


समापन अवसर पर डॉ. यूसी श्रीवास्तव ने श्री चित्रगुप्त धर्मशाला के दरबार में एक एसी लगवाने का आश्वासन दिया। घोषणा के बाद समिति के पदाधिकारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। संचालक राजेश श्रीवास्तव समेत उपस्थित लोगों ने उनके सहयोग की सराहना की।

Previous Post Next Post