दिनदहाड़े बंद घर में लाखों की चोरी, नकदी-जेवर समेटकर चोर फरार

TIMES7NEWS कानपुर। गुजैनी थाना क्षेत्र के पिपौरी स्थित बिहारी पुरवा में बेखौफ चोरों ने दिन दहाड़े एक बंद मकान को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोर घर से 2 लाख 62 हजार रुपये की नकदी और करीब 7 से 8 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी की वारदात सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया।


जानकारी के मुताबिक, मकान मालिक सरिता देवी दोपहर के समय अपनी दुकान पर थीं, जबकि उनके बेटे-बेटी अपने-अपने काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान एक बेटे के पैर में दर्द हुआ तो वह घर पहुंचा। मेन गेट का सेंटर लॉक खोलकर जैसे ही वह अंदर दाखिल हुआ, कमरे में खुली अलमारियां और बिखरा सामान देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल अपनी मां को फोन कर सूचना दी और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।

पीड़िता के मुताबिक, स्टील की गोलक में रखे 52 हजार रुपये, बैग में रखे 2 लाख 10 हजार रुपये और करीब 7-8 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर गायब मिले। परिवार ने बताया कि प्लॉट की रजिस्ट्री और बेटों की शादी के लिए नकदी और ज्वेलरी जुटाकर रखी थी।

टूटा कोई ताला नहीं, पुलिस को वारदात पर शक

मामले में गुजैनी थाना प्रभारी का कहना है कि घर के मेन गेट पर सेंटर लॉक लगा था। करीब एक बजे बेटी घर में लॉक लगाकर गई थी और लगभग दो बजे बेटा उसी सेंटर लॉक को खोलकर अंदर दाखिल हुआ। घर के किसी भी दरवाजे या ताले के टूटने के निशान नहीं मिले। अंदर अलमारियों का सामान जरूर बिखरा मिला।

पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि चोरी से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दिन दहाड़े लाखों की चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि बंद घर तक चोर कैसे पहुंचे और बिना ताला तोड़े लाखों का माल लेकर कैसे फरार हुए।

Previous Post Next Post