हरियाली तीज पर सजेगा गोविंद नगर, ‘एक शाम सखियों के नाम’ में दिखेगा हरियाली का रंग
TIMES7NEWS कानपुर। सावन की फुहार, हरियाली की छटा और तीज के उल्लास के बीच श्री चित्रगुप्त पूजन समिति की महिला मंडल शाखा इस बार हरियाली तीज महोत्सव को खास अंदाज में मनाने जा रही है। 16 अगस्त को श्री चित्रगुप्त धर्मशाला, गोविंद नगर में ‘एक शाम सखियों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
महिला मंडल की अध्यक्षा माधुरी निगम के नेतृत्व में होने वाले इस आयोजन में महिलाओं के लिए ग्रीन थीम रखी गई है। कार्यक्रम में तीज क्वीन का चयन आकर्षण का केंद्र रहेगा। गीत-संगीत, मनोरंजक प्रश्नोत्तरी और विभिन्न गतिविधियों के जरिए विजेताओं का चयन किया जाएगा और उन्हें आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कानपुर महापौर श्रीमती प्रमिला पांडेय रहेंगी। कार्यक्रम संयोजक नेहा निगम ने बताया कि यह आयोजन महिलाओं को मनोरंजन, मिलन और तीज की परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष भानु निगम के नेतृत्व में पदाधिकारी व्यवस्थाओं को संभालेंगे। कार्यकारी अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव और कार्यक्रम संयोजक राजीव श्रीवास्तव कार्यक्रम की तैयारियों की देखरेख कर रहे हैं। समिति के वरिष्ठ अध्यक्ष एवं मार्गदर्शक डॉ. यू.सी. श्रीवास्तव की भी आयोजन में प्रमुख भूमिका रहेगी। धर्मशाला की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संयोजक महेंद्र निगम संभालेंगे।
मीडिया प्रभारी प्रदीप निगम ने बताया कि समिति की महिला पदाधिकारियों के साथ कायस्थ समाज की अन्य महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल हो सकती हैं। इसके लिए किसी प्रकार की फीस नहीं रखी गई है।
कार्यक्रम का शुभारंभ 16 अगस्त को दोपहर 3 बजे होगा। गीत-संगीत और तीज के रंग में रंगी इस शाम का समापन चाट, बताशे, पकौड़ी समेत लजीज व्यंजनों के साथ होगा। यानी सावन, सखियां, श्रृंगार, संगीत और स्वाद—सब कुछ एक ही मंच पर नजर आएगा।
