कल्याणपुर के पनकी क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, सिलेंडर लदे ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, मौके पर मौत
ओवरटेक करने के प्रयास में हुआ हादसा, राहगीरों ने दौड़ाकर ट्रक चालक को पकड़ा
TIMES7NEWS | कानपुर
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। आवास विकास नहर के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दोनों युवकों को रौंद दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन राहगीरों ने करीब दो सौ मीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि इण्डियन गैस सिलेंडर लदा ट्रक कल्याणपुर से पनकी की ओर जा रहा था। इसी दौरान आवास विकास नहर के पास ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सचिन और सूरज के रूप में हुई है। दोनों आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं और शुक्रवार रात बाइक से कल्याणपुर की ओर से पनकी की तरफ जा रहे थे।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक के नंबर के आधार पर जानकारी जुटाई। बाइक मसवानपुर के आदर्श नगर निवासी वीरेंद्र कुमार उर्फ गोलू के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित हुआ, जिसके चलते यह भीषण हादसा हुआ। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
