सचेंडी में दर्दनाक हादसा! नहर में मिली कार, 200 मीटर दूर मिले दो युवकों के शव
घर से कार लेकर निकले थे दो दोस्त, मोबाइल बंद होने पर परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी; देर रात सर्च ऑपरेशन के बाद मिली दर्दनाक खबर
TIMES7NEWS कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र में सोमवार रात घर से कार लेकर निकले दो युवकों की तलाश मंगलवार देर रात उस वक्त दर्दनाक मौत की खबर में बदल गई, जब बछऊपुर गांव के पास पांडु नहर में दोनों के शव बरामद हुए। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
बछऊपुर गांव के पास पांडु नहर के पुल पर टाटा पंच कार मिलने की सूचना पर सचेंडी पुलिस के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नहर में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। घंटों चली कड़ी मशक्कत के बाद कार से करीब 200 मीटर दूर पानी में दोनों युवकों के शव बरामद कर बाहर निकाले गए।
मृतकों की पहचान सुरार गांव निवासी दीपक पाण्डेय (30) और ठठिया, रूमा निवासी अंकित कमल (28) के रूप में हुई है। दोनों सोमवार रात कार से घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। जब उनके मोबाइल फोन बंद मिले तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। मंगलवार को सचेंडी थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
इसी बीच नहर के पुल पर कार मिलने से पुलिस ने जांच और तलाश का दायरा बढ़ाया। कार के नहर से बाहर मिलने के बावजूद दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस और गोताखोरों ने नहर में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया और देर रात दोनों शव बरामद कर लिए।
दोनों शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, मौके पर चीख-पुकार मच गई। दीपक के पिता राकेश पाण्डेय बेटे का शव देखकर फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने दर्द भरे शब्दों में कहा
“बेटे के साथ हमारे सारे सपने भी चूर हो गए।”
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर टाटा पंच कार नहर में कैसे गिरी और दोनों युवक कार से करीब 200 मीटर दूर पानी में कैसे पहुंचे?
सचेंडी पुलिस हादसे की परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है। घटना की कड़ियां जोड़ने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे से पहले और बाद की पूरी तस्वीर सामने आ सके।
फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली हैं और पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि यह महज हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह थी।
