खून की बूंदों से सेवा का संकल्प, पुलिसकर्मियों ने बढ़ाया मानवता का मान
TIMES7NEWS। कानपुर
कानपुर। वर्दी में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मियों ने अब रक्तदान कर मानवता और जनसेवा की मिसाल पेश की। सोमवार, 05 अक्टूबर 2026 को पुलिस कार्यालय, कानपुर नगर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर के दौरान पुलिसकर्मियों ने जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के संकल्प के साथ रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। पुलिसकर्मियों का यह कदम न केवल जनसेवा की भावना को मजबूत करता नजर आया, बल्कि आमजन को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने वाला रहा।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त कानपुर नगर श्री रघुबीर लाल, अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा तथा अपर पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय श्री संकल्प शर्मा ने रक्तदान करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया।
अधिकारियों ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके मनोबल को बढ़ाया। पुलिस अधिकारियों ने रक्तदान को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए इस तरह के सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी की भावना को प्रोत्साहित किया।

