11 हजार वोल्ट की चपेट में दो मौतें, स्कूल गेट पर शव रखकर फूटा गुस्सा
मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस की मौजूदगी में समझौते के बाद शांत हुआ मामला
TIMES7NEWS | कानपुर
कानपुर के रावतपुर क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दो युवकों की मौत के बाद रविवार को परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मुआवजे की मांग को लेकर सौ से अधिक लोगों ने डबल पुलिया स्थित कानपुर पब्लिक स्कूल के गेट पर दोनों मृतकों के शव रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात संभालने में जुट गया।
दरअसल, केशवपुरम स्थित बालाजी अपार्टमेंट में एल्यूमिनियम फ्रेम की नपाई करने पहुंचे रावतपुर निवासी छोटू पाल और राहुल पाल हादसे का शिकार हो गए। उनके साथ काम कर रहे मिस्त्री रिजवान भी गंभीर रूप से झुलस गए।
बताया गया कि फ्लैट की बालकनी के पास एल्यूमिनियम फ्रेम की नपाई के दौरान लोहे की इंचटेप 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। देखते ही देखते करंट ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छोटू पाल और राहुल पाल की मौत हो गई, जबकि रिजवान गंभीर रूप से झुलस गया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए थे। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर डबल पुलिया स्थित कानपुर पब्लिक स्कूल पहुंचे और स्कूल गेट पर शव रखकर मुआवजे की मांग शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों की भीड़ बढ़ने पर पुलिस बल तैनात किया गया।
परिजनों का आरोप था कि हादसे में दो परिवारों ने अपने सदस्यों को खो दिया है, ऐसे में उन्हें आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए। बातचीत के लिए फ्लैट मालकिन रीना सिंह के तत्काल सामने नहीं आने से प्रदर्शनकारियों में नाराजगी और बढ़ गई।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हुआ।
समझौते के तहत मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ दोनों परिवारों के एक-एक सदस्य को कानपुर पब्लिक स्कूल में नौकरी देने पर सहमति बनी। इसके बाद परिजनों ने शवों को स्कूल गेट से हटा लिया और प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
फिलहाल हादसे के बाद दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
