गांधी जयंती पर शराबबंदी के बीच नौबस्ता पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, तीन जगह छापेमारी कर 58 क्वार्टर बरामद
पहले सिविल ड्रेस में निगरानी, फिर अचानक छापेमारी—अवैध शराब बिक्री के आरोप में तीन गिरफ्तार
TIMES7NEWS | कानपुर। गांधी जयंती के अवसर पर शराब की दुकानों की बंदी के बीच अवैध रूप से शराब बिक्री की सूचना पर नौबस्ता पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। थाना प्रभारी बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अलग-अलग चौकी क्षेत्रों में निगरानी और छापेमारी करते हुए तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 58 क्वार्टर देशी शराब बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान पहले क्षेत्र में सिविल ड्रेस में निगरानी की गई और अवैध बिक्री की सूचना की पुष्टि के बाद संबंधित स्थानों पर छापेमारी की गई।
विराट नगर चौकी क्षेत्र में 20 क्वार्टर बरामद
पहली कार्रवाई विराट नगर चौकी क्षेत्र के गौशाला चौराहे के पास की गई। चौकी प्रभारी आवेश कुमार की टीम ने एक युवक को कथित रूप से अवैध शराब बिक्री के मामले में गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक उसके पास से 20 क्वार्टर मस्तीह ब्रांड की देशी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार युवक की पहचान अमित उर्फ समीर पुत्र सुरेश, निवासी कंजरनपुरवा, थाना किदवई नगर, उम्र करीब 20 वर्ष के रूप में बताई गई है। पुलिस ने मामले में मु0आ0 संख्या 372/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में कार्रवाई की है।
आवास विकास चौकी पुलिस ने 16 क्वार्टर पकड़े
दूसरी कार्रवाई आवास विकास चौकी क्षेत्र में तिवारी पार्क के बगल स्थित सार्वजनिक मोक्ष धाम के पास हुई। चौकी प्रभारी नवनीत कुमार की टीम ने सोनू सिंह पुत्र विशंभर सिंह, निवासी हंसपुरम गांव, उम्र करीब 40 वर्ष को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार उसके पास मौजूद प्लास्टिक की बोरी से 16 क्वार्टर मस्तीह ब्रांड की देशी शराब बरामद की गई।
यशोदा नगर में सिविल ड्रेस में निगरानी, फिर रंगे हाथों गिरफ्तारी
तीसरी कार्रवाई यशोदा नगर बजरंग चौराहे के पास की गई। पुलिस के मुताबिक यहां एक व्यक्ति के घूम-घूमकर अवैध रूप से शराब बेचने की सूचना मिली थी। सूचना पर चौकी प्रभारी सोनू सिंह की टीम पहले सिविल ड्रेस में मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू की।
बताया गया कि निगरानी के दौरान कथित रूप से शराब बिक्री की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए व्यक्ति को पकड़ लिया। उसके लाल पिट्ठू बैग से 22 क्वार्टर मस्तीह ब्रांड की देशी शराब बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पंकज निगम पुत्र परमेश्वरी दयाल निगम, निवासी शास्त्री नगर, थाना काकादेव, उम्र करीब 54 वर्ष के रूप में बताई गई है।
बंदी का पालन कराने को पुलिस की सख्त निगरानी
थाना प्रभारी नौबस्ता बहादुर सिंह के मुताबिक गांधी जयंती के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार शराब की सरकारी दुकानों को बंद रखने के आदेश थे। आदेश का कड़ाई से पालन कराने के लिए थाना क्षेत्र की सभी चौकी प्रभारियों को लगातार भ्रमण और निगरानी के निर्देश दिए गए थे।
इसी दौरान विराट नगर, आवास विकास और यशोदा नगर चौकी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से शराब बिक्री की सूचना मिलने पर पुलिस टीमों ने तत्काल कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार तीनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी नौबस्ता बहादुर सिंह के नेतृत्व में हुई। टीम में चौकी प्रभारी विराट नगर आवेश कुमार, चौकी प्रभारी आवास विकास नवनीत कुमार, चौकी प्रभारी यशोदा नगर सोनू सिंह, एसआई शिवम तोमर, कांस्टेबल बाबी और हैप्पी सिंह शामिल रहे।
