किदवई नगर चौराहे पर रास्ता भटकी मूक-बधिर युवती, पिंक चौकी प्रभारी ने परिजनों से मिलाकर निभाया मानवता का फर्ज
TIMES7NEWS कानपुर। किदवई नगर चौराहे पर रास्ता भटककर परेशान हालत में घूम रही करीब 20 वर्षीय मूक-बधिर युवती के लिए पिंक चौकी पुलिस मददगार बनी। ड्यूटी पर तैनात चौकी प्रभारी प्रियंका चतुर्वेदी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए युवती की पहचान और परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया और उसे सकुशल उसके परिवार तक पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 को पश्चिम बंगाल निवासी मौसमी राय पुत्री फतिक चंद्र राय किदवई नगर चौराहे पर रास्ते की तलाश में भटक रही थी। पिंक चौकी प्रभारी प्रियंका चतुर्वेदी ने युवती से बातचीत का प्रयास किया तो पता चला कि वह बोलने और सुनने में असमर्थ यानी मूक-बधिर है।
युवती ने पुलिस को एक संपर्क नंबर उपलब्ध कराया। नंबर के माध्यम से पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क साधा। इसके बाद पुलिस ने युवती की बहन अनुराधा, निवासी गांधी नगर, कानपुर नगर से संपर्क किया और युवती को उसके घर पहुंचाकर सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार युवती की बहन अनुराधा भी मूक-बधिर हैं। युवती की सुपुर्दगी की पूरी कार्रवाई लिखित रूप से की गई तथा मौके पर गवाह नेहा गुप्ता और राहुल के हस्ताक्षर भी कराए गए।
पिंक चौकी प्रभारी की इस पहल से एक बार फिर पुलिस की संवेदनशील भूमिका सामने आई। रास्ता भटककर अकेली परेशान युवती को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने के इस प्रयास की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
