कानपुर में नौवीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, घर के जीने के पास मिला शव
परिवार में मचा कोहराम, मौत की वजह तलाशने में जुटी पुलिस; फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
TIMES7NEWS संवाददाता | विपुल सिंह
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के तिलसहरी खुर्द गांव के मजरा कनवापुर में रविवार को कक्षा नौ की 15 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। किशोरी का शव घर के जीने के पास मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुर निवासी संजय पाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी 15 वर्षीय बेटी गांव स्थित इंटर कॉलेज में कक्षा नौ में पढ़ती थी। परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह किशोरी ने घर में खाना तैयार किया था। पिता के काम पर जाने से पहले उसने उनके साथ खाना खाने की इच्छा भी जताई थी। इसके बाद पिता काम के लिए घर से निकल गए, जबकि मां अनीता मवेशियों को चारा देने के लिए बाहर चली गईं।
कुछ देर बाद जब मां वापस घर लौटीं तो बेटी संदिग्ध हालत में मिली। घर के जीने के पास किशोरी को देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह के मुताबिक सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ फोरेंसिक टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में किशोरी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
