सरदार पटेल की जयंती पर RLD का शक्ति प्रदर्शन, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लिया राष्ट्रीय एकता का संकल्प
यशोदा नगर बाईपास पर सरदार पटेल की प्रतिमा का कराया दुग्ध स्नान, पुष्पांजलि के बाद लोगों को बांटे फल
TIMES7NEWS।संवाददाता
कानपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय लोक दल (RLD) कानपुर की ओर से यशोदा नगर बाईपास स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा का दुग्ध स्नान कराने के बाद माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को फल वितरित कर सरदार पटेल के विचारों और राष्ट्रसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाते हुए भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार दिया। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
महानगर अध्यक्ष मो. उस्मान ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में भाईचारा, सद्भाव और आपसी एकता कायम रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
महानगर महासचिव बृजराज सिंह राजावत ने कहा कि सरदार पटेल किसानों के सच्चे हितैषी थे। उनका सादगीपूर्ण जीवन, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना आज की युवा पीढ़ी के लिए आदर्श है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता, महानगर अध्यक्ष मो. उस्मान, महानगर महासचिव बृजराज सिंह राजावत, महासचिव मो. नफीस इदरीसी, कोषाध्यक्ष रॉबिल गुप्ता, नीरज सिंह, सतेंद्र सिंह, मो. असलम, मो. नसीम, योगेश गुप्ता, निहाल, गुड्डन, मजीद मंसूरी, मुस्तफा मंसूरी, इकराम अली सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
