करवा चौथ की छुट्टी मांगना पड़ा भारी! बिल्हौर पालिका चेयरमैन पर चौकीदार की पिटाई का आरोप
चौकीदार के समर्थन में थाने पहुंचे नगरपालिका कर्मचारी, चेयरमैन समर्थकों के पहुंचने से बढ़ी गहमागहमी
TIMES7NEWS। संवाददाता
कानपुर।बिल्हौर नगर पालिका में करवा चौथ की छुट्टी मांगने को लेकर विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब नगरपालिका के चौकीदार संजय ने चेयरमैन इकलाख खान और उनके साथियों पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया।
पीड़ित चौकीदार संजय के मुताबिक, उसने करवा चौथ के पर्व पर घर जाने के लिए छुट्टी मांगी थी। आरोप है कि छुट्टी मांगने की बात से नाराज होकर चेयरमैन और उनके समर्थकों ने उसके साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद चौकीदार ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
मामला सामने आते ही नगरपालिका कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में कर्मचारी चौकीदार संजय के समर्थन में बिल्हौर थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
वहीं, दूसरी ओर चेयरमैन इकलाख खान के समर्थक भी बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए। दोनों पक्षों के लोगों के आमने-सामने आने से थाना परिसर में काफी देर तक गहमागहमी और तनाव का माहौल बना रहा।
सूचना के बाद पुलिस ने स्थिति को संभाला। पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या एक कर्मचारी को पर्व पर छुट्टी मांगने की कीमत मारपीट के रूप में चुकानी पड़ेगी? फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही साफ होगी।
