महाराजपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, फांसी के फंदे पर मिला शव

मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर लगाया हत्या का आरोप, पति हिरासत में; फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य



कानपुर। TIMES7NEWS महाराजपुर थाना क्षेत्र के विपौसी-नजफगढ़ गांव में बुधवार को 22 वर्षीय नवविवाहिता सीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। महिला का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने ससुरालीजनों पर सीता की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मृतका के भाई सोनू ने पति अनूप पासवान पर अतिरिक्त दहेज और शराब के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। परिजनों का आरोप है कि सीता की पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को फांसी के फंदे पर लटकाया गया।


फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

पुलिस के मुताबिक, महिला द्वारा फांसी लगाए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के साथ पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

पति हिरासत में, दोनों पहलुओं पर जांच

मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मृतका के पति अनूप पासवान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है।

Previous Post Next Post