कॉलेज परिसर में औंधे मुंह मिला 73 वर्षीय नाइट गार्ड का शव, मचा हड़कंप

फोरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

TIMES7NEWS | कानपुर

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के यादव नगर निवासी 73 वर्षीय नाइट गार्ड की महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित आचार्य रघुवीर इंटर कॉलेज परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह कॉलेज परिसर में गार्ड का शव औंधे मुंह पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7:15 बजे कॉलेज के प्रधानाचार्य गिरजेश नारायण त्रिपाठी ने रात्रिकालीन गार्ड सुरेश कुमार तिवारी (लगभग 73 वर्ष) के परिसर में औंधे मुंह पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान गार्ड की मौत हो चुकी थी।

मामला संदिग्ध परिस्थितियों का होने के चलते पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह के अनुसार, फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कॉलेज परिसर में 73 वर्षीय नाइट गार्ड की मौत किन परिस्थितियों में हुई? पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की गुत्थी सुलझ सकेगी। 

Previous Post Next Post