गांधी-शास्त्री जयंती पर दक्षिण पुलिस कार्यालय में गूंजा राष्ट्रसेवा का संकल्प, अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

सत्य, अहिंसा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की पुलिस कर्मियों ने ली शपथ



TIMES7NEWS। कानपुर 

कानपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त दक्षिण कार्यालय, पराग डेयरी, निराला नगर, गोविंद नगर में श्रद्धा और सम्मान के साथ श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी एवं अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण डॉ. अरीबा नोमान ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और सलामी देकर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया गया। अधिकारियों ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को इन महान विभूतियों के विचारों से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा, अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के मूल्यों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही आमजन के प्रति संवेदनशीलता, निष्पक्षता और सम्मानपूर्ण व्यवहार बनाए रखते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया गया।

अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को संदेश दिया कि पुलिस की कार्यशैली में अनुशासन, विनम्रता, निष्पक्षता और सहयोग की भावना का विशेष महत्व है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए अपने दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित पुलिसकर्मियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने आचरण में आत्मसात करने तथा ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ जनता की सेवा करने का संकल्प लिया। गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के इस अवसर पर राष्ट्र के प्रति समर्पण और जनसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Previous Post Next Post