पनकी में चैन स्नैचिंग का खुलासा, मुठभेड़ में बदमाश घायल
TIMES7NEWS कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र में महिला से हुई चैन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। भौती बाईपास पर चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की ओर से हुई फायरिंग के जवाब में पुलिस की गोली लगने से एक अभियुक्त घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
दरअसल, 7 जुलाई को पनकी क्षेत्र में महिला से चैन स्नैचिंग की घटना हुई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
इसी क्रम में भौती बाईपास के पास पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी सफेद रंग की अपाचे बाइक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। बाइक सवार बदमाशों ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो न्यू ट्रांसपोर्ट नगर के पास बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल बदमाश के कब्जे से तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में घायल अभियुक्त ने अपना नाम संजय वर्मा पुत्र सूरज प्रसाद वर्मा, निवासी जैतीपुर रोड, घाटमपुर बताया। पुलिस के मुताबिक, संजय ने 7 जुलाई की चैन स्नैचिंग की वारदात में अपने साथी के साथ शामिल होना स्वीकार किया है।
पुलिस जांच में संजय वर्मा के खिलाफ करीब 10 मुकदमे, जबकि फरार आरोपी रिजवान के खिलाफ करीब 20 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरार रिजवान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
