सावन के दूसरे सोमवार पर खेरेश्वर धाम में उमड़ी भीड़, DCP पश्चिम ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
TIMES7NEWS कानपुर। सावन के दूसरे सोमवार को शिवभक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए कानपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। शिवराजपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध खेरेश्वर घाट और खेरेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
डीसीपी पश्चिम ने मंदिर परिसर और घाट क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को आपसी समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
डीसीपी पश्चिम ने कहा कि सावन मास के दौरान मंदिरों और घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को लगातार भ्रमणशील रहकर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
सावन के दूसरे सोमवार पर खेरेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पुलिस की सक्रियता से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद नजर आई।

