कानपुर: गोपाल नगर में 32 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर दी जान, घरेलू कलह की आशंका

TIMES7NEWS कानपुर। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र की न्यू आजाद नगर चौकी अंतर्गत गोपाल नगर में शुक्रवार शाम एक 32 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार गोपाल नगर निवासी उमा प्रजापति ने पुलिस को सूचना दी कि उनके पुत्र मोहित (32) ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही सेन पश्चिम पारा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मोहित पहले बजाज फाइनेंस में नौकरी करता था। करीब दो वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में उसका पैर फ्रैक्चर हो गया था, जिसके बाद वह घर से ही निजी कार्य कर रहा था। वह अपनी पत्नी, छह वर्षीय बेटी और माता-पिता के साथ रहता था।

प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे घरेलू कलह की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

थाना प्रभारी सेन पश्चिम पारा प्रदीप सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे सूचना मिली थी कि गोपाल नगर निवासी एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला घरेलू कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। 

Previous Post Next Post