श्रावण मास की तैयारियां तेज: डीसीपी ट्रैफिक ने परमट, बनखंडेश्वर और जागेश्वर मंदिर का किया निरीक्षण

TIMES7NEWS कानपुर। श्रावण मास में शिव मंदिरों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए कानपुर पुलिस ने यातायात व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने शहर के प्रमुख शिवालयों—आनंदेश्वर मंदिर (परमट), बनखंडेश्वर मंदिर और जागेश्वर मंदिर—का स्थलीय निरीक्षण किया।



निरीक्षण के दौरान डीसीपी ट्रैफिक ने मंदिरों के आसपास की यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, पैदल श्रद्धालुओं की आवाजाही और आपातकालीन मार्गों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनी रहे।

डीसीपी ने पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा करते हुए उपलब्ध पार्किंग स्थलों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध पार्किंग पर सख्ती से कार्रवाई करने और भीड़ के दौरान आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन के लिए विशेष इंतजाम करने को कहा।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि श्रावण मास में मंदिरों पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जा रही हैं।

Previous Post Next Post