CCTV का शिकंजा! मोबाइल स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, चार आरोपी दबोचे
किदवई नगर पुलिस ने दो वारदातों का किया खुलासा, एक बालिग समेत तीन नाबालिग गिरफ्तार - मोबाइल, बाइक और तीन हजार बरामद
TIMES7NEWS | कानपुर
कानपुर में मोबाइल स्नैचिंग कर पुलिस को चुनौती देने वाले आरोपियों पर आखिरकार CCTV की नजर पड़ ही गई। किदवईनगर थाना पुलिस ने लगातार हुई दो मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक बालिग और तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटे गए मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल बाइक और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
CCTV फुटेज बना पुलिस का सबसे बड़ा हथियार
वारदात के बाद पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। कैमरों में संदिग्धों की गतिविधियां कैद मिलीं। पुलिस टीम ने फुटेज के आधार पर सुराग जोड़े और संदिग्धों की पहचान तक पहुंच गई। इसके बाद घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
एक बालिग, तीन नाबालिग निकले आरोपी
डीसीपी दक्षिण दीपेन्द्रनाथ चौधरी के मुताबिक, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को पकड़ा है। इनमें बालिग आरोपी प्रांशु कुशवाहा, मूल निवासी थाना हनुमंत विहार क्षेत्र, शामिल है। उसके साथ तीन नाबालिग भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दोनों घटनाओं में लूटे गए मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और तीन नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं का सफल अनावरण कर दिया।
नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के सामने किया गया पेश
पुलिस के अनुसार बालिग आरोपी प्रांशु कुशवाहा के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया । वहीं तीनों नाबालिग आरोपियों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
CCTV फुटेज से शुरू हुई पड़ताल और पुलिस की लगातार कार्रवाई ने आखिरकार मोबाइल स्नैचिंग की दोनों वारदातों का राज खोल दिया।
