देवसढ़ हत्याकांड: 400 CCTV के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में आरोपी आशीष घायल
घर में घुसकर हत्या और लूट का आरोप, पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों पैरों में लगी गोली; बाइक-ज्वेलरी और तमंचा बरामद
TIMES7NEWS कानपुर। साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव में युवक मुमताज की हत्या और घर से बाइक व ज्वेलरी लूट के मामले में पुलिस ने सोमवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। पुलिस मुठभेड़ में हत्याकांड में वांछित आरोपी आशीष निवासी दलेलपुर घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस के मुताबिक, आशीष का सामना दरगाही लाल नहर पुल के पास पुलिस टीम से हुआ। आरोप है कि पुलिस टीम को देखते ही बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। उसकी गोली थाना प्रभारी के बगल से होकर निकली। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आशीष के दोनों पैरों में गोली लगी।
400 CCTV फुटेज खंगालने के बाद मिला सुराग
देवसढ़ हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की ओर से सात विशेष टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के करीब 400 CCTV फुटेज खंगाले। लगातार जांच के बाद पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, लूटी गई बाइक और ज्वेलरी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार बरामद बाइक की नंबर प्लेट भी टूटी हुई मिली है।
दूसरा आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर
मामले में शामिल दूसरा आरोपी रानू उर्फ शोयल खान अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, रानू की ओर से सोशल मीडिया पर खुद को बेगुनाह बताने वाली पोस्ट किए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा मृतक के परिजनों को WhatsApp ऑडियो के जरिए धमकाने का आरोप भी पुलिस की जांच में सामने आया है।
डीसीपी साउथ ने दी पूरे ऑपरेशन की जानकारी
डीसीपी साउथ दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने पुलिस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देवसढ़ हत्याकांड के खुलासे और मुठभेड़ की जानकारी दी। पुलिस अब फरार आरोपी रानू की गिरफ्तारी के साथ ही घटना में शामिल अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है।
फिलहाल एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में पहुंच चुका है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। 400 CCTV से शुरू हुई जांच अब फरार आरोपी तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
