1.38 करोड़ की ज्वेलरी लूट का 24 घंटे में खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार, पूरा माल बरामद
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा पुलिस ने ₹1.38 करोड़ की ज्वेलरी लूट के सनसनीखेज मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोना, चांदी और अन्य आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं। बरामद ज्वेलरी की कुल कीमत करीब ₹1.38 करोड़ बताई जा रही है।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की 5 विशेष टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने 2,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। लगातार की गई छानबीन और सटीक रणनीति के चलते पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
