बर्रा में सनसनी: घर के बेड पर मिला पेंट कारोबारी का सड़ा हुआ शव, दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा

TIMES7NEWS कानपुर। बर्रा थाना क्षेत्र के विश्वबैंक ए-1 ब्लॉक में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पेंट कारोबारी अनुराग बघेल का सड़ा-गला शव उनके घर के अंदर बेड पर पड़ा मिला। कई दिन पुराना शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर बर्रा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक अनुराग बघेल पिछले करीब छह महीने से घर में अकेले रह रहे थे। सोमवार को घर से तेज दुर्गंध आने पर पहली मंजिल पर किराए पर रहने वाली युवती को अनहोनी की आशंका हुई। उसने नीचे जाकर देखा तो कमरे में बेड पर अनुराग का शव पड़ा था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में मृत्यु का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि शव कई दिन पुराना होने के कारण मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार अनुराग बघेल मिलनसार स्वभाव के थे, लेकिन पिछले कुछ समय से अकेले रह रहे थे। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

मुख्य बिंदु

•बर्रा विश्वबैंक ए-1 ब्लॉक की घटना।

•पेंट कारोबारी अनुराग बघेल का सड़ा हुआ शव घर के बेड पर मिला।

•दुर्गंध आने पर किरायेदार युवती ने पुलिस को दी सूचना।

•पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

•पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारण का होगा खुलासा।

Previous Post Next Post