बारावफात जुलूस को लेकर पुलिस अलर्ट, अपर पुलिस आयुक्त ने किया रूट का निरीक्षण



TIMES7NEWS कानपुर। आगामी बारावफात पर्व पर प्रस्तावित जुलूस को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा ने रामलीला मैदान, कोतवाली और बेकनगंज क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जुलूस मार्ग, आयोजन स्थल, संवेदनशील क्षेत्रों और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।


अपर पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संभावित भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए जुलूस मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, लगातार पेट्रोलिंग कराने और जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात संचालन भी सुचारु रखा जाए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी तरह मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए।


निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव, पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त अभिसूचना महेश कुमार समेत संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी और पुलिस बल मौजूद रहा। 

Previous Post Next Post