बुजुर्ग महिला के कान का बाला छीनने वाला लुटेरा पुलिस मुठभेड़ में लंगड़ा, लूट का सामान बरामद
TIMES7NEWS कानपुर। कल्याणपुर में बुजुर्ग महिला के कान से बाला छीनकर फरार हुए शातिर लुटेरे को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से बुजुर्ग महिला से छीना गया कान का बाला भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। 18 अगस्त को कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के कान का बाला छीनकर आरोपी फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में कई टीमें लगा दी थीं।
21 अगस्त की रात कल्याणपुर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बाइक सवार नजर आया। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उसने बाइक तेज रफ्तार से भगाते हुए भागने की कोशिश की। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। आरोपी की पहचान कोहना निवासी उमराज उर्फ राज के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लूटा गया कान का बाला बरामद हुआ। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि 18 अगस्त की लूट की घटना के बाद से ही आरोपी की तलाश की जा रही थी। चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। आरोपी के कब्जे से लूटा गया कान का बाला बरामद हुआ है और इसके आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा।
