TIMES7NEWS कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के कृष्णापुरम में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 38 वर्षीय आईटी कर्मचारी ने घर के बाहर बने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान रवि दीक्षित के रूप में हुई है। रवि एनटीटी कंपनी में वर्क फ्रॉम होम नौकरी करते थे। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक और संपत्ति विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
पत्नी ने फंदे पर लटका देखा तो मचाई चीख-पुकार
कृष्णापुरम निवासी रवि दीक्षित की पत्नी ज्योति के मुताबिक, शुक्रवार सुबह वह घर के कामकाज में व्यस्त थीं। इसी दौरान वह घर के बाहर बने कमरे में पहुंचीं तो रवि को फंदे पर लटका देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाया तो पड़ोसी और पास में रहने वाली रवि की छोटी बहन व बहनोई मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने रवि को फंदे से नीचे उतारा और आनन-फानन में रामादेवी स्थित स्टेट टॉरस अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रवि को मृत घोषित कर दिया।
डायल-112 को दी सूचना, घर पहुंचा शव
घटना के बाद करीब साढ़े 10 बजे डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसे जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
बड़ी बहन पर प्रताड़ना का आरोप
मृतक की पत्नी ज्योति दीक्षित ने बड़ी बहन पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उसे परिवार की बर्बादी के लिए जिम्मेदार बताया। पत्नी का कहना है कि संपत्ति विवाद को लेकर रवि काफी परेशान थे। उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हैंडराइटिंग मिलान के बाद आगे बढ़ेगी जांच
कृष्णानगर चौकी प्रभारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट की हैंडराइटिंग का मृतक की लिखावट से मिलान कराया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वाइट -सहायक पुलिस आयुक्त,चकेरी श्री आशुतोष कुमार सिंह