लखनऊ में 3 से 5 जुलाई तक होगा उत्तर प्रदेश आम महोत्सव, कानपुर के किसान भी ले सकेंगे हिस्सा

TIMES7NEWS कानपुर। आम उत्पादकों और बागवानों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश आम महोत्सव का आयोजन 3 से 5 जुलाई 2026 तक लखनऊ में किया जाएगा। वहीं 4 जुलाई को जन भवन, लखनऊ में आम क्रेता-विक्रेता सम्मेलन भी आयोजित होगा। महोत्सव के दौरान इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमतीनगर में आम की विभिन्न प्रजातियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

जिला उद्यान अधिकारी, कानपुर नगर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कानपुर के आम उत्पादक किसान अपने क्षेत्र की विभिन्न किस्मों के आम (प्रत्येक प्रदर्श 1 या 5 किलोग्राम) प्रदर्शनी में शामिल कर सकते हैं। जो किसान स्वयं नहीं जा सकते, वे 2 जुलाई की सुबह 7 बजे तक अपने प्रदर्श जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, विकास भवन परिसर में जमा करा सकते हैं।

विज्ञप्ति में बताया गया है कि बागवान, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) तथा पौधशाला संचालक अपने उत्पादों और पौधों के विक्रय के लिए महोत्सव में स्टॉल भी लगा सकेंगे। इच्छुक प्रतिभागी 3 और 5 जुलाई को सुबह 6 बजे रावतपुर स्थित विकास भवन परिसर से चलने वाली बस के माध्यम से लखनऊ जा सकते हैं।

महोत्सव में आम की उन्नत प्रजातियों, आधुनिक खेती, नवाचार, प्रसंस्करण, विपणन तथा मूल्य संवर्धन जैसी तकनीकों की जानकारी कृषि एवं उद्यान विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी। जिला उद्यान अधिकारी ने अधिक से अधिक किसानों और बागवानों से कार्यक्रम में भाग लेकर आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने और बागवानी को बढ़ावा देने की अपील की है।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक किसान जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, कानपुर नगर या मोबाइल नंबर 9151066897 पर संपर्क कर सकते हैं।

Previous Post Next Post