पारिवारिक परामर्श से बचा टूटा हुआ घर, पति-पत्नी फिर साथ रहने को हुए राजी

TIMES7NEWS -कानपुर। शास्त्री नगर निवासी आवेदिका श्रीमती पुनीता पत्नी नरेंद्र द्वारा अपने पति पर घरेलू विवाद और मारपीट का आरोप लगाते हुए काकदेव थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। आवेदिका ने बताया कि आए दिन पारिवारिक झगड़ों के कारण उसके साथ मारपीट की जाती है तथा उसे ससुराल में नहीं रखा जा रहा है। इस संबंध में वह अपने पति नरेंद्र एवं सास-ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए भी तैयार थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना काकादेव में दोनों पक्षों को तलब किया गया। प्रभारी निरीक्षक काकादेव श्री राजेश कुमार शर्मा के निर्देशन में परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवकरण वर्मा, महिला उपनिरीक्षक अनीता सिंह तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रतिनिधि श्रीमती नित्या चावला द्वारा पति-पत्नी को विस्तार से समझाया गया।

काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी गलतियों को स्वीकार किया और पुराने विवादों को भुलाकर पुनः साथ रहने पर सहमति जताई। समझाइश के बाद पति-पत्नी ने एक साथ रहने का निर्णय लिया और खुशी-खुशी अपने घर चले गए।

उल्लेखनीय है कि दोनों की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व हुई थी और अल्प समय में ही विवाद शुरू हो गया था। यदि इस प्रकरण में अभियोग पंजीकृत होता, तो दोनों पक्षों को वर्षों तक न्यायालयों के चक्कर लगाने पड़ सकते थे। समय पर किए गए पारिवारिक परामर्श से न केवल एक परिवार टूटने से बचा, बल्कि दो परिवारों को लंबे कानूनी संघर्ष से भी राहत मिली।

पुलिस व विधिक सेवा प्राधिकरण कि इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Previous Post Next Post