रफ्तार ने बुझाया घर का चिराग: एलिवेटेड पुल के पाइप से टकराई बाइक, एक युवक की मौत, दो गंभीर

TIMES7NEWS | कानपुर

कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बर्रा बाइपास स्थित एलिवेटेड पुल के नीचे कुलदीप मोटर्स के सामने एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार तीन दोस्तों में से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर नावेद अहमद उर्फ चंदू अपनी मां से हेयर कटिंग करवाने जाने की बात कहकर घर से बाइक लेकर निकला था। उसके साथ जूही परमपुरवा निवासी नूरे अंसारी और नौबस्ता मछरिया निवासी राशिद भी बाइक पर सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों युवक तेज धूप से बचने के लिए एलिवेटेड पुल के किनारे-किनारे बाइक चला रहे थे। बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान बाइक पुल से लटके जल निकासी पाइप से टकरा गई और अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए।

बताया जा रहा है कि तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके चलते उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल कांशीराम अस्पताल भिजवाया।

बर्रा थाना प्रभारी रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने नावेद अहमद उर्फ चंदू को मृत घोषित कर दिया। वहीं नूरे अंसारी और राशिद की हालत गंभीर होने पर उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। 

चिकित्सकों के अनुसार राशिद की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। 

इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार का इकलौता सहारा छीन लिया, जबकि दो अन्य युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

Previous Post Next Post