खोए मोबाइल लौटे तो खिल उठे चेहरे, साइबर सेल ने 101 मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे
TIMES7NEWS -कानपुर। साइबर सेल पश्चिम जोन एवं विभिन्न थाना साइबर हेल्प डेस्क टीमों की सक्रियता और तकनीकी दक्षता के चलते 101 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार CEIR (संचार साथी) पोर्टल, जनसुनवाई तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही थी। तकनीकी विश्लेषण और साइबर टीम के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप विभिन्न स्थानों से कुल 101 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बरामद मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को विधिवत सुपुर्द किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने पुलिस और साइबर सेल की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। विशेष बात यह रही कि बरामद मोबाइलों में एक ऐसा मोबाइल भी शामिल था जो वर्ष 2023 से गुम था और लंबे समय बाद उसके मालिक को वापस मिल सका।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद किए गए मोबाइल विभिन्न व्यक्तियों और स्थानों से प्राप्त हुए हैं। अब यह जांच की जा रही है कि ये मोबाइल संबंधित लोगों तक किस प्रकार पहुंचे। जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की चोरी, धोखाधड़ी या अन्य आपराधिक कृत्य से जुड़े तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
साइबर सेल की इस कार्रवाई से 101 परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है और लोगों का पुलिस की तकनीकी क्षमता तथा कार्यप्रणाली पर विश्वास और मजबूत हुआ है।

