नौबस्ता पुलिस के महाभंडारे में उमड़ा जनसैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
TIMES7NEWS - कानपुर। नौबस्ता थाना क्षेत्र के यशोदा नगर पुलिस चौकी बाजार में सोमवार को नौबस्ता पुलिस द्वारा आयोजित भव्य महाभंडारे में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम का शुभारंभ एसीपी मंजय सिंह एवं थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने कन्याओं को भोजन कराकर किया। इसके बाद पूड़ी-सब्जी के प्रसाद का वितरण शुरू हुआ, जिसमें हजारों लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
महाभंडारे में क्षेत्रीय नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य व्यक्तियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, प्रसाद वितरण तथा सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
पुलिस कर्मियों ने भी सेवा भाव के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने नौबस्ता पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द को भी बढ़ावा देते हैं।
महाभंडारे के सफल संचालन में नौबस्ता थाना पुलिस, यशोदा नगर चौकी पुलिस एवं स्थानीय नागरिकों का विशेष योगदान रहा। देर शाम तक श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने का सिलसिला जारी रहा, जिससे आयोजन स्थल पूरी तरह भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।

