जाजमऊ में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूटी सवार पति-पत्नी की मौत

TIMES7NEWS - कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सोलंकी धर्म कांटा के पास उस समय हुआ जब दंपति सिद्धनाथ मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार चकेरी थाना क्षेत्र के सीताराम नगर अहिरवां निवासी 62 वर्षीय लक्ष्मीकांत शर्मा अपनी 60 वर्षीय पत्नी आशा शर्मा के साथ स्कूटी से मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान सोलंकी धर्म कांटा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जाजमऊ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया है।

सहायक पुलिस आयुक्त छावनी अमित चौरसिया ने बताया कि सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार पति-पत्नी की मृत्यु हुई है। दोनों चकेरी क्षेत्र के अहिरवां के निवासी थे। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस हृदयविदारक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक दंपति के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Previous Post Next Post