रविवार से लापता किशोर का शव नहर में मिला, हत्या की आशंका पर परिजनों का हंगामा

कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र के रतनपुर कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय किशोर का शव सोमवार सुबह पनकी नहर से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अभिनव शुक्ला उर्फ सानू के रूप में हुई है, जो हाईस्कूल का छात्र था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि आक्रोशित लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए सड़क पर शव रखकर हंगामा किया।
परिजनों के अनुसार, अभिनव रविवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी बहन की कॉपी लेने के लिए एक शिक्षक के घर जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। देर शाम रतनपुर नहर के पास उसके कपड़े पड़े मिलने से परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पनकी पुलिस और गोताखोरों की टीम ने रविवार रात भर नहर और आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की। सोमवार सुबह नहर में अभिनव का शव बरामद होने पर परिवार में मातम छा गया।

शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन मौके पर जुट गए। परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद परिजन शांत हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
Previous Post Next Post