संकट से निपटने के लिए किसानों को मिलेगा 90% तक अनुदान, उद्यान विभाग ने की अपील

TIMES7NEWS - कानपुर। जिले में बढ़ते जल संकट और सिंचाई संसाधनों की कमी को देखते हुए उद्यान विभाग ने किसानों को आधुनिक सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पर ड्रॉप मोर क्रॉप) के तहत किसानों को ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली लगाने पर 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।

जिला उद्यान अधिकारी उमेश चंद्र उत्तम ने बताया कि वर्ष 2026-27 में कानपुर नगर जनपद के लिए कुल 1411 हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें ड्रिप सिंचाई, मिनी स्प्रिंकलर, माइक्रो स्प्रिंकलर, सेमी परमानेंट स्प्रिंकलर और रेनगन स्प्रिंकलर जैसी योजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि ड्रिप सिंचाई प्रणाली से पानी सीधे पौधों की जड़ों तक पहुंचता है, जिससे लगभग 70 प्रतिशत तक पानी की बचत होती है। वहीं तरल उर्वरकों के उपयोग में 50 प्रतिशत तक कमी आती है। इसके अलावा खरपतवार नियंत्रण, समान सिंचाई और बेहतर गुणवत्ता की फसल उत्पादन में भी यह तकनीक लाभकारी है।

योजना के अंतर्गत लघु एवं सीमांत किसानों को ड्रिप और मिनी स्प्रिंकलर प्रणाली पर 90 प्रतिशत तक तथा बड़े किसानों को 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। वहीं पोर्टेबल स्प्रिंकलर और रेनगन प्रणाली पर क्रमशः 75 प्रतिशत और 60 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है।

इच्छुक किसान यूपी एमआईपी (UPMIP) पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, कानपुर नगर से संपर्क किया जा सकता है। विभाग ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाकर जल संरक्षण के साथ खेती की लागत कम करने की अपील की है।
Previous Post Next Post