चौधरी चरण सिंह की 39वीं पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय लोक दल ने दी श्रद्धांजलि
TIMES7NEWS कानपुर। राष्ट्रीय लोक दल द्वारा शुक्रवार को रामादेवी चौराहे पर देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की 39वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष मोहम्मद उस्मान ने की। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह किसानों, मजदूरों और ग्रामीण भारत की आवाज थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन किसानों और वंचित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित किया। उन्होंने बताया कि चौधरी चरण सिंह 28 जुलाई 1979 से 14 जनवरी 1980 तक देश के प्रधानमंत्री रहे और उन्हें फरवरी 2024 में भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई थी।
प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने भारतीयता और ग्रामीण परिवेश की मर्यादा को हमेशा सर्वोपरि रखा। वहीं महासचिव कुंवर बुजराज सिंह राजावत ने कहा कि किसानों की बदहाली, महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ उन्होंने हमेशा संघर्ष किया और जन आंदोलनों का नेतृत्व किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता, नगर अध्यक्ष मोहम्मद उस्मान, महासचिव नगरीस इदरीशी, शफीक अली उस्मानी, एडवोकेट नीरज सिंह चंचल, मोहम्मद इकराम अली, रतीराम यादव, राशिद गुप्ता, मोहम्मद शफीक, रविंद्र यादव, मोहम्मद तसलीम, सुभाष वर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
