किसानों और युवाओं के लिए खुशखबरी, उद्यान विभाग देगा करोड़ों की सब्सिडी 

कानपुर। किसानों और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए उद्यान विभाग ने विभिन्न योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये की सब्सिडी देने की घोषणा की है। विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार बागवानी, मशरूम उत्पादन, नर्सरी, संरक्षित खेती और आधुनिक कृषि उपकरणों पर 35 से 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा।

जिला उद्यान अधिकारी कानपुर नगर ने बताया कि संरक्षित खेती परियोजना के अंतर्गत मिनीग्रीन हाउस निर्माण पर 20 वर्गमीटर क्षेत्रफल तक 50 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी। इसके साथ ही ट्रैक्टर, पावर टिलर, पंप सेट, स्प्रेयर और फॉगिंग मशीन जैसे कृषि उपकरणों की खरीद पर भी किसानों को 35 प्रतिशत तक सहायता दी जाएगी। विभाग द्वारा शीत भंडारण और मशरूम उत्पादन यूनिट की स्थापना को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। 60 लाख रुपये तक की लागत वाली परियोजनाओं पर 24 लाख रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा। वहीं छोटी नर्सरी और सीडलिंग उत्पादन इकाइयों के लिए भी 50 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।
ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली लगाने वाले किसानों को 2.50 करोड़ रुपये तक की परियोजना पर 40 प्रतिशत तक अनुदान मिलेगा। इसके अलावा सब्जी बीज उत्पादन, शाकभाजी बीज उत्पादन केंद्र और बीज विधायन केंद्र स्थापित करने वालों को भी विभाग की योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। 

उद्यान विभाग ने किसानों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है। इच्छुक लाभार्थी विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, फोटो और अन्य आवश्यक दस्तावेज जरूरी होंगे। अधिक जानकारी के लिए किसान विकास भवन, रावतपुर स्थित जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय या विभागीय मोबाइल नंबर 9151066897 पर संपर्क किया जा सकता है।
Previous Post Next Post