जगन्नाथ रथ यात्रा: 16 जुलाई को दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन, इन मार्गों पर रहेगा बदलाव
TIMES7NEWS कानपुर। श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर कानपुर यातायात पुलिस ने 16 जुलाई 2026 को दोपहर 2:00 बजे से रात 10:00 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने की घोषणा की है। इस दौरान पश्चिम और मध्य जोन के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा तथा यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, पश्चिम जोन में बिठूर तिराहा (कल्याणपुर) की ओर से आने वाले वाहन बैरी पुलिया से दाहिने मुड़कर इंद्रानगर रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे। वहीं यश कोठारी/मैनावती मार्ग से आने वाले वाहन सिंहपुर तिराहा होते हुए बिठूर तिराहा की ओर नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहनों को सिंहपुर तिराहे से बाएं मुड़कर मैनावती मार्ग से भेजा जाएगा।
मध्य जोन में हैलेट अस्पताल एवं पालीवाल तिराहा की ओर से आने वाले वाहन गोल चौराहा और देवकी सिनेमा होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं फजलगंज चौराहे से पालीवाल की ओर जाने वाले वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को मरियमपुर चौराहे से चेन फैक्ट्री एवं खोया मंडी मार्ग के जरिए निकाला जाएगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें। किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम 9305104340 तथा ग्रीन कॉरिडोर सेल 9454402413 पर संपर्क किया जा सकता है।
इसके साथ ही वाहन चालकों से सड़क पर चल रही एम्बुलेंस को प्राथमिकता देते हुए तत्काल रास्ता देने की भी अपील की गई है, ताकि आपातकालीन सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।
