राखी से पहले कानपुर पुलिस ने दिया यादगार तोहफा, 111 मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे



TIMES7NEWS कानपुर। रक्षाबंधन से पहले कानपुर पुलिस ने 111 लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। बर्रा थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में दक्षिण जोन सर्विलांस टीम और विभिन्न थानों की CEIR पोर्टल टीम ने बरामद किए गए 111 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। मोबाइल हाथ में आते ही लोगों की खुशी देखते ही बनी और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी और अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण सुमित सुधाकर रामटेके (क्राइम) की मौजूदगी में बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को वितरित किए गए। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और CEIR पोर्टल की मदद से गुम और चोरी हुए मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया।

लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल में मौजूद जरूरी संपर्क, दस्तावेज और निजी यादें वापस मिलने से लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की। पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर खाकी और आमजन के बीच भरोसे को मजबूत करने का काम किया।

पुलिस परिवार ने भी मनाया रक्षाबंधन

कार्यक्रम के दौरान रक्षाबंधन का पर्व भी उत्साह के साथ मनाया गया। महिला उपनिरीक्षकों और महिला आरक्षियों ने पुलिस अधिकारियों को राखी बांधी और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व मनाया।

एक ओर 111 लोगों को उनके खोए मोबाइल वापस मिलने की खुशी थी, वहीं दूसरी ओर पुलिस परिवार में रक्षाबंधन की खुशियां नजर आईं। राखी से पहले 111 मोबाइलों की वापसी ने कई परिवारों की खुशियां दोगुनी कर दीं और पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा भी बढ़ाया।

Previous Post Next Post