'छात्रों की गूंज' से गूंजा CSJMU: शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग
TIMES7NEWS कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) परिसर में NSUI कानपुर ग्रामीण की ओर से शुक्रवार को "छात्रों की गूंज" हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अनिकेत मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष कार्तिकेय सिंह एवं प्रतमेश ने किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर किए।
NSUI पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। संगठन ने मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार लागू हों और परीक्षा एवं भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष व पारदर्शी बनाई जाए।
https://www.facebook.com/share/r/1M1UPVT8e4/
अभियान के दौरान छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था की कथित विफलताओं की नैतिक जिम्मेदारी तय करने की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई।
NSUI नेताओं ने कहा कि यह अभियान केवल हस्ताक्षर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छात्रों की आवाज़ सरकार तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

