पनकी में पार्षद पति पर मारपीट का आरोप, गर्भवती महिला के गर्भस्थ शिशु की मौत का दावा 

Times7 news कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र में मकान विवाद को लेकर भाजपा पार्षद के पति पर दबंगई और मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पार्षद पति और उनके समर्थकों ने घर में घुसकर गर्भवती महिला समेत दंपति के साथ मारपीट की, जिससे गर्भवती महिला के गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पनकी पड़ाव निवासी ट्रांसपोर्टर निर्मल गौतम का आरोप है कि भाजपा पार्षद नित्या बाजपेई के ससुर उनके मकान को खरीदने का दबाव बना रहे थे। मकान बेचने से इनकार करने पर पार्षद पति आशीष बाजपेई और उनके समर्थकों ने उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची उनकी गर्भवती पत्नी के पेट में लात मारी गई, जिससे उपचार के दौरान उसका गर्भपात हो गया।

पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि घटना के बावजूद पुलिस ने समय रहते आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है और वायरल सीसीटीवी फुटेज को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हैं।

वहीं, कानपुर कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि थाना पनकी में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की विवेचना की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही गर्भस्थ शिशु की मौत सहित लगाए गए अन्य आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। यदि विवेचना में आरोप सही पाए जाते हैं तो मामले में आवश्यकतानुसार गंभीर धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं।

Previous Post Next Post