मोहर्रम-2026 की तैयारियों को लेकर पुलिस व प्रशासन की अहम बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर
TIMES7NEWS - कानपुर। मोहर्रम-2026 के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर पुलिस एवं जिला प्रशासन की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों, शहर काजी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान जुलूस मार्गों पर बिजली के तारों, सड़कों के गड्ढों, सफाई व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि पूरे आयोजन की निगरानी सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और सेंट्रल कंट्रोल रूम के माध्यम से की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने अनुशासित एवं व्यवस्थित ढंग से जुलूस निकालने वाले आयोजकों को सम्मानित करने की घोषणा की। वहीं युवाओं से अपील की गई कि वे जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी न करें और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के कोई भी भ्रामक या आपत्तिजनक सूचना साझा न करें।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि लोहे की रॉड अथवा गीले बांस से बने झंडों का प्रयोग न किया जाए। साथ ही अलम की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग तय डेसीबल सीमा के भीतर ही करने को कहा गया।
अधिकारियों ने विश्वास जताया कि कमिश्नरेट कानपुर नगर में आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की परंपरा को कायम रखते हुए मोहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

