रायबरेली में स्टार आईकॉनिक अवॉर्ड शो संपन्न, बॉलीवुड कलाकारों ने बढ़ाया प्रतिभाओं का उत्साह



TIMES7NEWS : रायबरेली। पी.एफ.सी. फिल्म्स एवं सुर म्यूजिक ग्रुप के बैनर तले 13 जून 2026 को रायबरेली के सेनानी होटल में भव्य "स्टार आईकॉनिक अवॉर्ड शो" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

https://youtube.com/shorts/OXrbMLWdP0Y?feature=share  वीडियो देखने के लिए लिंक को टच करें।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुंबई से आईं सुधा चंद्रा रहीं, जबकि बॉलीवुड अभिनेता शाहबाज खान एवं बॉलीवुड निर्देशक-निर्माता प्रमोद गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य उभरते कलाकारों को मंच प्रदान कर उनके सपनों को नई उड़ान देना और उन्हें मनोरंजन जगत में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना था।

अभिनेता शाहबाज खान एवं निर्देशक प्रमोद गुप्ता ने विभिन्न श्रेणियों में विजेता बने एक्टर, डांसर, सिंगर और मॉडलों को अवॉर्ड देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता राजेन्द्र कुमार (राज) ने बच्चों को अभिनय की बारीकियों की जानकारी दी। उनके योगदान के लिए शाहबाज खान ने उन्हें बेस्ट एक्टर अवॉर्ड प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में कानपुर से आईं सुधा रानी, कमल राज, अंशू कमल, राजा सिंह, प्रीति गुप्ता और वंदना सचान ने मॉडलिंग रैंप शो के माध्यम से दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं लालगंज और रायबरेली क्षेत्र के बच्चों ने डांस और सिंगिंग प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग जमाया।

इवेंट ऑर्गेनाइजर नीरज कुमार ने बताया कि पी.एफ.सी. फिल्म्स के बैनर तले जल्द बनने वाली हिंदी वेब सीरीज में प्रतिभाशाली कलाकारों को अभिनय का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मंच का उद्देश्य हर कलाकार को आगे बढ़ने का अवसर देना है, ताकि वह अपने माता-पिता और रायबरेली के बैसवारा क्षेत्र का नाम रोशन कर सके।

कार्यक्रम के दौरान एक ब्यूटी पार्लर सेमिनार का भी आयोजन किया गया, जिसमें अंतरराष्ट्रीय मेकअप आर्टिस्ट कृति त्रिपाठी अवस्थी ने मेकअप और ब्यूटी इंडस्ट्री से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए। उन्होंने बताया कि वह देशभर में कई बड़े सेमिनारों में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दे चुकी हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।


Previous Post Next Post