एमएलसी पवन सिंह चौहान का हुआ भव्य स्वागत, 8 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा
सीतापुर। ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पंचायत सभागार में सम्मान समारोह एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एमएलसी पवन सिंह चौहान का पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम में बार एसोसिएशन अध्यक्ष अक्षय सहाय, महासचिव सुधीर शर्मा, कोषाध्यक्ष एवं राजा टोडरमल स्मारक समिति जिला अध्यक्ष शिवनाथ मिश्रा, जिला पंचायत प्रतिनिधि शिवकुमार गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ के संस्थापक अध्यक्ष दिनेश दीक्षित, राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. मुकुल मिश्रा, लखनऊ मंडल उपाध्यक्ष सुभाष गौतम और मंडल जिला उपाध्यक्ष महेश कुमार को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और राष्ट्रीय गीत से हुई। तत्सत सेवा संस्थान के अध्यक्ष अभय श्रीवास्तव, अग्रिम, करन और इंदू रानी की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं कवि अमरेंद्र सिंह चौहान ने अपनी कविताओं से कार्यक्रम में समां बांध दिया।
इस दौरान पत्रकारों की समस्याओं को लेकर जिला अध्यक्ष सत्येंद्र जोशी ने मुख्य अतिथि को 8 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिला मुख्यालय पर प्रेस क्लब भवन निर्माण, पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कवरेज के दौरान मारपीट की घटनाओं पर रोक लगाने, पत्रकारों पर झूठे मुकदमे दर्ज करने की प्रवृत्ति समाप्त करने और बिना मजिस्ट्रेट जांच एफआईआर दर्ज न करने की मांग उठाई गई। साथ ही पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, 10 लाख रुपये की निःशुल्क बीमा योजना और 24×7 हेल्पलाइन जारी करने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री अनिरुद्ध कुमार, मंडल उपाध्यक्ष चंदन कश्यप, प्रदेश सचिव दाऊद खान, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार राव, जिला संगठन मंत्री एडवोकेट अरुण कुमार नाथ सिंह, सलाहकार एडवोकेट अरुण कुमार राज, कोषाध्यक्ष हरिशंकर, जिला सचिव अनुराग पाठक सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, कवि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।