जियोटैगिंग ऐप व्यवस्था के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन, मंडी सचिव को सौंपा ज्ञापन

TIMES7NEWS - कानपुर। प्रदेश में कृषि उत्पादों के व्यापार और उद्योग पर प्रस्तावित जियोटैगिंग ऐप आधारित वाहन लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था का विरोध तेज हो गया है। इसी क्रम में भारतीय कृषि उत्पाद उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने मंगलवार को राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक को संबोधित ज्ञापन कानपुर कृषि उत्पादन मंडी समिति के सचिव विजिन बलियान को सौंपा।
ज्ञापन राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजय वाजपेयी, जिलाध्यक्ष अनुराग जायसवाल और जिला वरिष्ठ महामंत्री गोपाल शुक्ला के नेतृत्व में सौंपा गया। 

व्यापारियों ने मंडी सचिव से वार्ता के दौरान कहा कि वर्तमान में 6-आर, 9-आर, गेट पास और ऑनलाइन प्री-एराइवल स्लिप जैसी व्यवस्थाएं पहले से लागू हैं, जिनसे मंडी शुल्क चोरी की संभावना काफी कम हो चुकी है। ऐसे में जियोटैगिंग ऐप को लागू करना व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा होगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि नई व्यवस्था से व्यापारियों, उद्यमियों और परिवहन कारोबारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। वहीं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजय वाजपेयी ने कहा कि गल्ला, दलहन, तिलहन, किराना, गुड़ सहित अन्य कृषि उत्पादों के व्यापार पर इसका सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने आशंका जताई कि हर बार वाहन टैगिंग की अनिवार्यता से व्यापारिक प्रक्रियाएं जटिल होंगी और तकनीकी त्रुटियों पर दंडात्मक कार्रवाई से उत्पीड़न बढ़ सकता है।

व्यापारियों ने छोटे वाहनों की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि छोटे वाहन ट्रांसपोर्ट नगर तक माल पहुंचाते हैं, जहां अलग-अलग माल बड़े वाहनों में लोड कर आगे भेजा जाता है। ऐसे में हर स्तर पर जियोटैगिंग करना व्यवहारिक नहीं है।

प्रदेश संगठन मंत्री संजय सिंह भदौरिया और जिला संयुक्त महामंत्री केके गुप्ता ने मांग की कि व्यवस्था लागू करने से पहले सभी संबंधित पक्षों से व्यापक चर्चा कर व्यापारिक व्यवहार्यता का परीक्षण कराया जाए। साथ ही तब तक इस प्रस्तावित व्यवस्था को स्थगित या वापस लिया जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने घोषणा की कि आगामी 20 दिनों के भीतर प्रदेश की सभी 220 मंडियों में इसी मुद्दे को लेकर ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
इस दौरान अर्जित गुप्ता अज्जू, राजेन्द्र मिश्र राजन, अनुज त्रिपाठी, राजकुमार जायसवाल, शिव कुमार गुप्ता, शिवकुमार साहू, विनोद गुप्ता, राहुल गुप्ता, रामकिशोर गुप्ता, आशीष ओमर, गोपाल वर्मा, नितिन त्रिवेदी, आशुतोष गुप्ता, सोनू गुप्ता, विनीत गुप्ता, कार्तिकेय गुप्ता और महेश शंकर गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी नेता मौजूद रहे।
Previous Post Next Post