फिलखाना में होजरी कारोबारी की गोली मारकर हत्या, गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों का हंगामा
TIMES7NEWS : कानपुर। फिलखाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात होजरी कारोारी युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बड़े चौराहे पर शव रखकर हंगामा किया।
जानकारी के मुताबिक मृतक विजय होजरी का कारोबार करता था। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी विशाल ने विजय को बहाने से सवाई सिंह के हाते में बुलाया था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद विशाल ने विजय के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही विजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फिलखाना और कोतवाली थाना पुलिस के साथ आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान आरोपी की पहचान विशाल के रूप में हुई, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गईं।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर बड़े चौराहे पहुंच गए और शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद परिजन शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार किया गया।
अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
