48 घंटे में नौबस्ता पुलिस की बड़ी कामयाबी, अष्टधातु की मूर्तियां चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

TIMES7NEWS - कानपुर। नौबस्ता थाना पुलिस ने यशोदा नगर चौकी क्षेत्र में बर्तन की दुकान से दिनदहाड़े हुई अष्टधातु की मूर्तियों की चोरी का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की अष्टधातु की मूर्तियां और पीली धातु के अन्य बर्तन बरामद किए हैं। मामले के सफल खुलासे पर डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।



होली के दिन सूनी दुकान देखकर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी विवेक दीक्षित और शिवप्रसाद ने बताया कि होली के दिन दुकान बंद होने और क्षेत्र में पुलिस के त्योहार की ड्यूटी में व्यस्त रहने का फायदा उठाकर उन्होंने दोपहर में चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दे दिया। चोरी के बाद दोनों आरोपियों ने सारा सामान गजनेर निवासी अनिल कुमार को कम दामों में बेच दिया। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले अनिल कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी साऊथ दिपेन्द्र नाथ चौधरी नें प्रेस कांफ्रेस कर दी जानकारी 

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई दीं। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की और दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

35 सामान बरामद, अष्टधातु की मूर्तियां भी शामिल

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 35 अदद पीली धातु के पुराने व नए सामान बरामद किए हैं। इनमें राधा-कृष्ण की अष्टधातु की मूर्तियां, करीब 12 अंगुल लंबी भारी मूर्ति, लोटे, थाली और दीपक सहित अन्य बर्तन शामिल हैं।

मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी विवेक दीक्षित पहले भी जुआ अधिनियम और चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

विवेक दीक्षित (24 वर्ष) – निवासी हनुमंत विहार, कानपुर

शिवप्रसाद (42 वर्ष) – मूल निवासी हमीरपुर, वर्तमान निवासी हनुमंत विहार, कानपुर

अनिल कुमार (52 वर्ष) – निवासी गजनेर, कानपुर देहात (चोरी का माल खरीदने वाला)

इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बहादुर सिंह के नेतृत्व में यशोदा नगर चौकी प्रभारी राहुल कुमार और विराट नगर चौकी प्रभारी सुशील कुमार सहित पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।

Previous Post Next Post