होटल उमा गैलेक्सी में फांसी के फंदे से झूलता युवक का शव मिलने से कई सवाल खड़े, पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी
कानपुर। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के न्यू आजाद नगर स्थित उमा गैलेक्सी होटल में युवक अनुराग त्रिवेदी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस जहां इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, वहीं कई पहलुओं को लेकर पड़ताल जारी है।
परिजनों के अनुसार अनुराग पिछले तीन दिनों से घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित होटल में रुके हुए थे। होटल प्रबंधन ने बताया कि उन्होंने घर में बिजली न होने की बात कहकर कमरा लिया था, लेकिन अब यही बात जांच का विषय बनी हुई है कि आखिर ऐसी क्या परिस्थितियां थीं, जिनके चलते उन्हें होटल में रुकना पड़ा।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को जांच के दौरान एक अन्य युवक की जानकारी भी मिली है, जिससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी तक किसी भी व्यक्ति की भूमिका या संबंध को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मृतक की बहन प्रिया मिश्रा ने बताया कि अनुराग का विवाह लगभग 7-8 वर्ष पूर्व शिखा त्रिवेदी से हुआ था। उनके दो छोटे बच्चे हैं, बेटा अतुलित( 2) और बेटी निया 7 वर्ष, दो वर्ष पहले पिता की हार्ट अटैक से मौत के बाद परिवार पहले ही सदमे में था, और अब अनुराग की मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, होटल में ठहरने की वजह और पारिवारिक परिस्थितियों सहित सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
एडीसीपी साऊथ योगेश कुमार नें बताया की आज सुबह बुधवार को सुबह लगभग 9:30 बजे 112 पी.आर.वी द्वारा घटना की जानकारी प्राप्त हुई जिसपर घटना स्थल पर पहुँची पुलिस और फोरेंसिक टीम नें घटना स्थल का निरिक्षण कर साक्ष्य एकत्रित कर शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और इस घटना के हर पहलू पर जाँच की जा रही।
