काकादेव परिवार परामर्श केंद्र ने बचाया एक और परिवार, पति-पत्नी में हुआ समझौता

TIMES7NEWS - काकादेव थाना स्थित परिवार परामर्श केंद्र की सूझबूझ और प्रयासों से एक और बिखरता परिवार टूटने से बच गया। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद को आपसी सहमति से सुलझाते हुए दोनों पक्षों को पुनः साथ रहने के लिए राजी कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पाण्डु नगर निवासी आदित्य कुमार पुत्र गुलाब यादव ने पुलिस उपायुक्त सेंट्रल कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी पिरिया आए दिन पारिवारिक विवाद को लेकर उनसे मारपीट करती हैं तथा नाराज होकर मायके चली जाती हैं। साथ ही पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी दे रही थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों को 16 मई 2026 को थाना काकादेव में तलब किया गया। प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार राम एवं अतिरिक्त निरीक्षक उदयवीर सिंह के निर्देशन में परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवकरन वर्मा, महिला उपनिरीक्षक अनीता सिंह, महिला आरक्षी वर्षा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से श्रीमती शगुन खट्टर, श्रीमती नित्य चावला तथा काउंसलर श्रीमती ममता भाटिया ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग की।

शुरुआत में पति-पत्नी के बीच काफी तनावपूर्ण माहौल रहा और विवाद बढ़ता नजर आया, लेकिन परिवार परामर्श समिति की समझाइश और सूझबूझ से दोनों पक्ष पुराने विवादों को भुलाकर दोबारा साथ रहने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद पत्नी अपने पति के साथ ससुराल लौट गई। बताया गया कि दोनों की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व हुई थी। यदि मामला मुकदमेबाजी तक पहुंचता तो वर्षों तक न्यायालय के चक्कर लगाने पड़ते और दोनों परिवार मानसिक व आर्थिक रूप से परेशान होते।

काकादेव परिवार परामर्श केंद्र का यह पति-पत्नी विवाद में कराया गया 31वां सफल समझौता है।
Previous Post Next Post